बढ़ती जनसंख्या संसाधनों पर बोझ
प्रारूप -
प्रस्तावना
जनसंख्या वृद्धि का महत्व
जनसंख्या वृद्धि के कारण
जनसंख्या वृद्धि के परिणाम
जनसंख्या वृद्धि को रोकने के उपाय
निष्कर्ष
1. प्रस्तावना : इस प्रकृति में मानव ही सर्वश्रेष्ठ प्राणी है। इस प्रकृति में मानव का विकास ही तेजी से हुआ है, किंतु आज के समय में यह विकास विशाल रूप ले रहा है अर्थात् मनुष्य की जनसंख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। आज विश्व में भारत घनी आबादी वाला देश है।
2. वृद्धि का महत्व : जनसंख्या में संतुलित रूप से वृद्धि होना देश या राष्ट्र के विकास के लिए हितकारी होता है। इस प्रकार की वृद्धि से देश की आर्थिक स्थिति में सुधार होता है। किंतु जब जनसंख्या वृद्धि अनियंत्रित हो जाती है, तो इससे उल्टा राष्ट्र कमजोर हो जाता है।
3. जनसंख्या वृद्धि के कारण : जनसंख्या वृद्धि के अनेक कारण है, जिसमें से कुछ प्रमुख इस प्रकार है
जागरूकता की कमी : जागरूकता की कमी के कारण आज भी अनेक परिवारों में जन्म नियंत्रण के उपाय के बारे में कोई जानकारी नहीं है जैसे - गर्भनिरोधक विधियां।
सामाजिक सोच : समाज में यह सोच आज भी व्याप्त है कि पुत्र की प्राप्ति से मोक्ष की प्राप्ति होती है। यह जनसंख्या वृद्धि का प्रमुख कारण है। इसके कारण कई परिवारों में लड़कियों की अधिक संख्या हो जाती है।
अशिक्षा : शिक्षा की कमी के कारण लोगों को लघु परिवार के महत्व का ज्ञान नहीं हो पाता, जो जनसंख्या वृद्धि का कारण है।
4. जनसंख्या वृद्धि के परिणाम : जनसंख्या में तेजी से वृद्धि होने के कारण अनेक दुष्परिणाम सामने आ रहे हैं जैसे -
वनों की कटाई में तेजी : लोगों की आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु वृक्षों की कटाई में तेजी आ गई है। इसके कारण प्रदूषण बढ़ता ही जा रहा है।
बेरोजगारी की समस्या : जनसंख्या अधिक होने के कारण सभी लोगों को रोजगार उपलब्ध करा पाना मुश्किल हो जाता है जिससे बेरोजगारी बढ़ती है।
संसाधनों की कमी : अधिक जनसंख्या होने पर संसाधनों का अत्यधिक दोहन होने लगता है जिससे उसकी मात्रा में कमी आने लगती है।
आर्थिक स्थिति में गिरावट : बढ़ती जनसंख्या के कारण राष्ट्र की आर्थिक स्थिति भी घटने लगती है।
सामाजिक भेदभाव : अत्यधिक जनसंख्या होने पर शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में भेदभाव उत्पन्न होने लगता है
महंगाई में वृद्धि : जनसंख्या बढ़ने से संसाधनों की कमी होने लगती है जिसके कारण महंगाई की समस्या बढ़ती ही जाती है।
5. जनसंख्या वृद्धि को रोकने के उपाय : जनसंख्या इतनी तेजी से बढ़ रही है कि आज इसे रोकने के लिए अनेक उपाय अपनाएं जा रहे हैं, उनमें से कुछ उपाय इस प्रकार है -
गर्भनिरोधकों का प्रयोग ।
विद्यालय में उचित शिक्षा प्रदान करना ।
सामाजिक अंधविश्वास रूढ़ियों का अंत करना।
लघु परिवार को बढ़ावा देना।
लोगों को लघु परिवार के महत्व के बारे में जागरूक करना होगा।
6. निष्कर्ष : जनसंख्या में वृद्धि आज एक प्रमुख समस्या बनी हुई है। जनसंख्या वृद्धि के कारण प्राकृतिक संसाधनों का अविवेकपूर्ण दोहन हो रहा है जिसके कारण पर्यावरणीय समस्याएं बढ़ती ही जा रही है। आज हमें स्वयं जागरूक होने की आवश्यकता है। हमें यह बात समझनी होगी कि 'हम दो हमारे दो', 'हम दो हमारे एक' यह एक सही सोच है और इसे अपनाना हमारे लिए आवश्यक है।